Homeसामाजिक

उत्थान एक नई पहल संस्था को मिला पूज्य संतों का आशीर्वाद, मनोज प्रजापति की मेहनत सराहनीय प्रयास- महंत शिव नारायण दास

गाजियाबाद। प्रदेश में श्रम एवं सेवायोजन के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह के संरक्षण में संचालित समाजसेवी संस्था “उत्थान एक नई पहल” को अब पूज्य संतों का मार्गदर्शन प्राप्त हो गया है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज प्रजापति ने जानकारी दी कि संस्था के उद्देश्यों को नई ऊँचाइयाँ देने हेतु श्री श्री 1008 परम पूज्य पीठाधीश्वर महंत बाबा शिव नारायण दास जी महाराज को राष्ट्रीय मुख्य मार्गदर्शक तथा श्री श्री 1008 जगतगुरु शंभूनाथ महाराज जी को राष्ट्रीय सलाहकार नियुक्त किया गया है।

इस गौरवपूर्ण निर्णय से संस्था के सभी पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। महंत शिव नारायण दास जी ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज प्रजापति को अपना आशीर्वाद दिया और संस्था से जुड़ने की सहमति प्रदान की।

मनोज प्रजापति ने कहा कि पूज्य संतों के मार्गदर्शन में संस्था अब जनसेवा, गौसेवा और धर्म प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने बताया कि नेपाल से सटे महाराजगंज जिले में महाराज जी का एक भव्य आश्रम स्थित है, जहां निराश्रित गायों की सेवा के लिए गौशाला संचालित की जा रही है। साथ ही वहाँ हजारों गरीबों को भोजन भी कराया जाता है।

मनोज प्रजापति ने बताया कि अब संस्था का उद्देश्य न केवल सामाजिक बल्कि धार्मिक व सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में भी कार्य करना है। महाराज जी के आशीर्वाद से गुरुकुल प्रणाली को पुनर्जीवित करने के लिए विभिन्न जिलों में गुरुकुलों की स्थापना की जाएगी, जिससे बच्चों को भारतीय संस्कार, संस्कृति और शास्त्रीय शिक्षा प्रदान की जा सके।

अंत में महंत शिव नारायण दास जी ने मनोज प्रजापति की मेहनत को सराहते हुए कहा कि “उत्थान एक नई पहल जैसी संस्थाएं समाज में नवचेतना और सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम हैं,” और उन्होंने सभी देशवासियों से भी गौसेवा व जनसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button