Homeशिक्षासामाजिकसांस्कृतिक

जे.एम.एस. वर्ल्ड स्कूल में नन्हे सितारों का ग्रेजुएशन डे धूमधाम से संपन्न

हापुड़,(आनन्द धारा)। जे.एम.एस. वर्ल्ड स्कूल के किंडरगार्टन विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र के समापन पर ‘ग्रेजुएशन डे’ का भव्य आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता और उल्लास का संचार हो गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. निधि मलिक ने उपस्थित अभिभावकों का आत्मीय स्वागत करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों के अथक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरे वर्ष की कड़ी मेहनत और समर्पण ने इस सत्र को सफल बनाया है।

समारोह के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों को उनका परीक्षा परिणाम एवं ‘मेरिटोरियस ट्रॉफी’ प्रदान की गई। ट्रॉफी प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अभिभावकों के लिए यह गर्व और भावुकता से भरा क्षण रहा, जिसे उन्होंने अपने कैमरों में कैद किया।

संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल ने विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए प्रिंसिपल को बधाई दी तथा विद्यालय की उन्नति में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, समन्वयकों एवं स्कूल प्रशासन- श्री लवलेश सिरोही, श्रीमती मीनू सिरोही और रुचिका खुराना- का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आयोजन की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button