
(आनन्द धारा/पवन शर्मा)।
गाज़ियाबाद, 5 अप्रैल 2026: पटेल नगर स्थित माता राजेश्वरी आश्रम में मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में आध्यात्मिक गुरु एवं समाजसेवी सतपाल जी महाराज की पूज्य माता, आध्यात्मिक विभूति माता राजेश्वरी देवी की जयंती एवं ‘मातृ शक्ति दिवस’ श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर मरियम नगर स्थित सेंट जोसफ हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

जयंती के उपलक्ष्य में आश्रम परिसर में भव्य सत्संग का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सत्संग के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित जनों ने प्रसाद ग्रहण किया।

सत्संग को संबोधित करते हुए आश्रम प्रभारी महात्मा स्वरूपा बाई जी ने कहा कि माता राजेश्वरी देवी ने अपने जीवन में लाखों लोगों को अध्यात्म का मार्ग दिखाया और सेवा, भक्ति व ध्यान की प्रेरणा दी। उनका जीवन आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत है, जो प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश देता है।

उन्होंने बताया कि माता जी ने भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अध्यात्म ज्ञान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया, जिससे असंख्य लोग आत्मिक शांति की ओर अग्रसर हुए।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महात्मा स्वरूपा बाई जी, संयुक्ता बाई जी, भूमिका बाई जी एवं सेविका भारती दीदी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं अस्पताल में आयोजित सेवा कार्य में के.पी. सिंह, जगदीश कुमार, सुनील कुमार, रामदास जी, विजय शर्मा, प्रवीन कुमार, सुनीता जी, सीता पाल, संगीता पाल तथा अस्पताल के ऑपरेशन एवं क्वालिटी मैनेजर ललित गोयल सहित स्टाफ मौजूद रहा।




