
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। संस्कार वैभव की अप्रैल माह की साहित्यिक संगोष्ठी 22 अप्रैल 2026 को पार्श्वनाथ सोसायटी, गाजियाबाद में संध्या सिंह के आवास पर गरिमामय वातावरण में आयोजित हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय वर्धा के पूर्व कुलपति गिरीश्वर मिश्र रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
संगोष्ठी में गत माह की साहित्यिक गतिविधियों की रिपोर्ट सचिव मधु मंत्री ने प्रस्तुत की। संस्था की अध्यक्ष मीना जैन ने कहा कि हास्य-व्यंग्य संगोष्ठी का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव और सुधारात्मक चिंतन को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के साहित्यकार परिचय सत्र में ऋतु जैन ने सुप्रसिद्ध कवि श्याम नारायण पांडेय के साहित्यिक अवदान पर प्रकाश डाला। इस बार संगोष्ठी का विषय “हास्य व्यंग्य” रखा गया, जिसमें निधि वर्मा के कुशल संचालन में सदस्यों ने सम-सामयिक विषयों पर रचनाएं प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। रचनाओं में युद्ध, रसोई गैस, ऊंची इमारतों और टेलीविजन समाचारों जैसे विषयों पर सटीक हास्य-व्यंग्य प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि गिरीश्वर मिश्र की हीरक जयंती के उपलक्ष्य में उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में साहित्य और समाज के संबंधों पर सार्थक चर्चा भी हुई।
संगोष्ठी में मधु झुनझुनावाला, कर्नल वाई पी सिंह, मीना जैन, मंजु जैन, संध्या सिंह, मनीषी सिन्हा, रेनू बाला सिंह, मैत्री मेहरोत्रा, लक्ष्मी भट्ट, निधि वर्मा, सुमन बिष्ट, ईभा प्रसाद, ऋतु जैन, आशा सक्सेना, मुक्ति बत्रा एवं मधु मंत्री सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



