
लखनऊ,(आनन्द धारा)। राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही संस्था ‘उत्थान एक नई पहल’* को शुभकामना संदेश भेजा है। मंत्री ने संस्था द्वारा गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए विद्यालय निर्माण तथा विभिन्न सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए पत्र के माध्यम से बधाई दी।
कैबिनेट मंत्री, जो पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण (मुस्लिम वक्फ एवं हज) विभाग का कार्यभार संभाल रहे हैं, ने अपने संदेश में संस्था के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया और भविष्य में भी इसी तरह समाज हित में कार्य करते रहने की कामना की।
इस संबंध में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज प्रजापति ने बताया कि ‘उत्थान एक नई पहल’ वर्तमान में गांव-गांव जाकर जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही है। संस्था के कार्यकर्ता बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और विधवा पेंशन के लिए पात्र व्यक्तियों को आवेदन कराने में सहयोग दे रहे हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है।

मनोज प्रजापति ने कहा कि मंत्री द्वारा भेजा गया यह शुभकामना पत्र संस्था के सभी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है। इससे संगठन के सदस्यों में और अधिक जोश के साथ समाज सेवा करने की प्रेरणा मिली है।
संस्था के कार्यकर्ताओं ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह जरूरतमंदों की मदद करते रहेंगे और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।



