Homeगाजियाबादयात्रासामाजिक

बकरीद से पहले कौशांबी बस अड्डे पर उमड़ी भीड़, यात्रियों को हुई भारी परेशानी

गाजियाबाद। कौशांबी बस अड्डा पर बकरीद से एक दिन पहले बुधवार को यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही बस अड्डे पर लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया था, जिसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

त्योहारी सीजन के चलते एटा, संभल, बरेली, बदायूं, मुरादाबाद, गजरौला, गढ़, चंदौसी, गोंडा, बहराइच और फजलगंज समेत कई शहरों के लिए यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई। बसों में सीट पाने के लिए लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई यात्री घंटों तक बसों का इंतजार करते दिखाई दिए।

भीड़ अधिक होने के कारण बस अड्डे पर बैठने तक की जगह नहीं बची। यात्री अपने परिवार और सामान के साथ जमीन पर बैठकर बसों का इंतजार करते नजर आए। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।

इस दौरान निजी बस संचालकों और दलालों की सक्रियता भी बढ़ गई। आरोप है कि दलाल यात्रियों को कम किराए का लालच देकर निजी बसों में बैठा रहे थे, लेकिन बाद में उनसे रोडवेज बसों से भी अधिक किराया वसूला गया। कई यात्रियों ने मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायत की।

यात्रियों का कहना था कि त्योहार के समय अतिरिक्त बसों की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ गई। वहीं रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

बकरीद के मद्देनजर अगले दो दिनों तक बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर इसी तरह भीड़ बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button