Homeगाजियाबादप्रशासनसामाजिक

CDO अभिनव गोपाल को दी गई भावभीनी विदाई, कुमार सौरभ ने संभाली विकास की कमान

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। जनपद में प्रशासनिक फेरबदल के बाद मंगलवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में एक भव्य विदाई एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। निवर्तमान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्री अभिनव गोपाल को उनके सफल कार्यकाल के उपरांत भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थ सीडीओ  कुमार सौरभ का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने अभिनव गोपाल को नारियल भेंट कर और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में टीमवर्क से ही कीर्तिमान स्थापित होते हैं। उन्होंने निवर्तमान सीडीओ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नए सीडीओ कुमार सौरभ का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
जनहित और पारदर्शिता रहेगी प्राथमिकता: कुमार सौरभ
कार्यभार संभालने के बाद नए मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ जनहित के कार्यों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।

यादगार रहा गाजियाबाद का कार्यकाल: अभिनव गोपाल
स्थानांतरित होकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद पर जा रहे  अभिनव गोपाल ने अपने संबोधन में कहा कि गाजियाबाद की यादें उनके साथ सदैव रहेंगी। उन्होंने कार्यकाल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से मिले सहयोग को सराहनीय बताया।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने भी दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी अपर जिलाधिकारी, विभागाध्यक्षों, सामाजिक संगठनों और पत्रकार बंधुओं ने स्मृति चिन्ह भेंट कर अधिकारियों का सम्मान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button