गुलमोहर के कम्युनिटी हॉल में योगा क्लास की अनुमति निरस्त

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में योगा क्लास के लिए कम्युनिटी हॉल उपलब्ध कराने को लेकर पैदा हुआ विवाद अध्यक्ष बिजेंद्र गिरी के हस्तक्षेप के बाद थम गया है। अध्यक्ष ने किसी भी व्यक्ति को योगा के लिए निशुल्क कम्युनिटी हॉल उपलब्ध कराने पर रोक लगा दी है। जिसके बाद सोसायटी में शांति है।
बता दें कि सोसायटी की महिलाओं व स्थानीय निवासी गौरव बंसल ने अलग अलग प्रार्थना पत्र देकर योगा क्लास के लिए कम्युनिटी हॉल उपलब्ध कराने की मांग की थी। महिलाओं को तो कम्युनिटी हॉल में योगा कराने की अनुमति दे दी गई थी वहीं गौरव बंसल को सोसायटी के सचिव और कोषाध्यक्ष द्वारा धमकी देने का मामला सामने आया था। जिसकी शिकायत गौरव ने डायल-112 सहित जिलाधिकारी और कमिश्नर से भी की थी। सोसायटी में बढ़ रहे विवाद के बीचे आरडब्लूए अध्यक्ष बिजेंद्र गिरी ने कड़ा फैसला लेते हुए दोनों ही प्रार्थना पत्रों को निरस्त कर दिया और किसी को भी योगा के लिए निशुल्क कम्युनिटी हॉल देने से मना कर दिया। अध्यक्ष के इस फैसले से अचानक पैदा हुए इस विवाद से निजात मिलती दिख रही है। गौरव बंसल ने कहा है कि वह इस फैसले का सम्मान करते हैं।



