महाराणा प्रताप जन्मोत्सव पर गाजियाबाद में निकली भव्य शोभायात्रा, महाराणा प्रताप भवन में गूंजा शौर्य का जयघोष

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। दिनांक 9 मई 2026 को अखिल भारतीय क्षत्रिय सभा, गाजियाबाद द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी का जन्मोत्सव “स्वाभिमान शौर्य दिवस” के रूप में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर फोर व्हीलर एवं टू व्हीलर वाहनों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
AROCC संस्था द्वारा पूरे देश में महाराणा प्रताप जी का जन्मोत्सव 9 मई को मनाने के आह्वान के तहत यह शोभायात्रा महाराणा प्रताप चौक, नंदग्राम से प्रारंभ हुई, जहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई “महाराणा मंदिर”, महाराणा प्रताप भवन, नेहरू नगर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
महाराणा प्रताप भवन में मुख्य अतिथि माननीय श्री सत्येंद्र सिसोदिया जी ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भंडारे का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने महाराणा प्रताप के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
पूरी शोभायात्रा के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके लिए अखिल भारतीय क्षत्रिय सभा ने गाजियाबाद पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मधी क्षेत्र राजपूत सभा, राजपूत सभा साहिबाबाद, क्षत्रिय समाज सेवा समिति नंदग्राम, एआरओसीसी सभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर सभा के संरक्षक माननीय सर्वश्री जगदीश सिंह सिसोदिया, एसपीएस राघव, ठाकुर रामदेव सिंह रावल, वीरेंद्र सिसोदिया, रामकुमार तोमर एवं सुभाष सिसोदिया उपस्थित रहे। मंच संचालन सभा की महामंत्री श्रीमती नीता सिंह एवं प्रचार मंत्री श्री ओमपाल सिंह चौहान ने कुशलतापूर्वक किया।
कार्यक्रम में राणा प्रताप हायर सेकेंडरी स्कूल एवं न्यू वैली पब्लिक स्कूल के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप जन्मोत्सव को “स्वाभिमान शौर्य दिवस” के रूप में राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग भी उठाई, जिसका सभी संगठनों ने समर्थन किया।
सभा के अध्यक्ष श्री प्रमोद सिसोदिया ने कार्यक्रम एवं शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री जेपी राणा, कोषाध्यक्ष राजकुमार बैस, उपाध्यक्ष देवपाल सिंह, सह मंत्री प्रदीप सिसोदिया, युवा महामंत्री सोमवीर सिंह, युवा उपाध्यक्ष अनुपम सिसोदिया सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर भाजपा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, समाजसेवियों तथा सैकड़ों महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महाराणा प्रताप के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।



