Homeक्राइममहाराष्ट्र

प्रेमिका (सिया) ने प्रेमी (चेतन) संग की मंगेतर (केतन) की हत्या, CCTV फुटेज से खुला राज

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे के पास स्थित ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में हुए बिल्डर केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले में नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस ने जांच के दौरान एक अहम सीसीटीवी फुटेज बरामद किया है, जिसमें एक हुडी पहने संदिग्ध व्यक्ति केतन अग्रवाल और उसकी मंगेतर सिया गोयल का पीछा करता हुआ दिखाई दे रहा है।

पुलिस के अनुसार, यह फुटेज सामने आने के बाद जांच को नई दिशा मिली और मामले को गंभीरता से खंगाला गया। शुरुआत में 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत को एक हादसा माना गया था, लेकिन जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे पुलिस को घटना के पीछे साजिश की आशंका हुई।

जानकारी के मुताबिक, 18 जून को केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ ट्रेकिंग के लिए लोहागढ़ किले गया था। इसी दौरान उसकी खाई में गिरने से मौत हो गई थी। घटना के बाद सिया ने केतन के परिवार को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। इसके आधार पर पुलिस ने शुरुआत में इसे दुर्घटनावश हुई मौत के रूप में दर्ज किया था।

हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल और आसपास के इलाकों से मिले सबूतों में कुछ संदेहास्पद बातें नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सामने आया कि केतन को कथित रूप से उसकी मंगेतर सिया और उसके प्रेमी चेतन ने खाई में धक्का दिया था।

पुलिस ने इस मामले में सिया (20) और चेतन (22) को आरोपी बनाया है। दोनों से पूछताछ कर घटना के पीछे की पूरी साजिश और वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी या घटना के दौरान अचानक विवाद हुआ।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस मामले की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है। इस घटना ने ट्रेकिंग स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button