
मोदीनगर,(आनन्द धारा)। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में सैनिक परिवार मोदीनगर की ओर से मोदी डिग्री कॉलेज में भव्य सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, शहीद परिवार, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल पी.के. सिंह, कमांडिंग ऑफिसर, 35 यूपी एनसीसी बटालियन ने की, जबकि परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मंजू शिवाच, पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष पंडित सुरेश शर्मा तथा अध्यक्ष विनोद वैशाली भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मोदीनगर इकाई के संयोजक लक्ष्मण सिंह राठी एवं अध्यक्ष कमांडो मनोज शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष चौधरी महिपाल सिंह सहित जनपद के अनेक पूर्व सैनिक, शहीद परिवार, राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा एनसीसी कैडेट्स मेजर जैन के नेतृत्व में समारोह में शामिल हुए।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शासन-प्रशासन से प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। साथ ही सैनिक परिवारों से एकजुट होकर अपनी विशिष्ट पहचान को मजबूत करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।
समारोह का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण मोदीनगर में सैनिक भवन के निर्माण की आधारशिला रखा जाना रहा। इसे जनपद गाजियाबाद के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया गया। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि सैनिक भवन बनने से पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को एक साझा मंच मिलेगा, जिससे उनके सामाजिक, संगठनात्मक एवं कल्याणकारी कार्यों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया।



