
गाजियाबाद/मुरादनगर,(आनन्द धारा)। शासन के निर्देशानुसार स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत विकास क्षेत्र मुरादनगर के कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से अभिभावकों एवं ग्रामीणों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वन विभाग की ओर से विद्यालय को 80 पौधे उपलब्ध कराए गए थे, जिनमें जामुन, अमरूद, अर्जुन, नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल थे। सभी पौधों का विद्यालय परिसर में रोपण किया गया।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि प्रत्येक पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी विद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ को सौंपी गई, ताकि पौधों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके और बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर मनोरमा उपेक्षा, संत, देवेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, अंजू, राजीव शर्मा, ज्योति, मीनू सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।



