
गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा)। एम.एम.एच. कॉलेज, गाज़ियाबाद के रसायन विज्ञान विभाग में 10 जुलाई 2026 को पर्यावरणीय वायु प्रदूषण की वैज्ञानिक निगरानी हेतु अत्याधुनिक उपकरणों का उद्घाटन आज किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार सिंह ने Respirable Dust Sampler (RDS), High Volume Sampler (HVS) तथा Air Quality Monitoring System (AQMS) का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. आर. एस. यादव, प्रो. सीमा कोहली, प्रो. शालू त्यागी, प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. मीना वर्मा, डॉ. राजपाल त्यागी, डॉ. हरिदत्त शर्मा, डॉ. मोहन कुमार एवं डॉ. रेनू कुमारी सहित विभाग के अन्य शिक्षकगण एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
प्राचार्य प्रो. संजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक उपकरण विद्यार्थियों और शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए सशक्त आधार प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा, “वायु प्रदूषण आज एक गंभीर वैश्विक एवं राष्ट्रीय चुनौती है।
इन उपकरणों की सहायता से स्थानीय स्तर पर वायु गुणवत्ता का वैज्ञानिक विश्लेषण संभव हो सकेगा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण शोध कार्यों को गति मिलेगी।” डॉ. राजपाल त्यागी ने बताया कि इन उपकरणों के माध्यम से वातावरण में उपस्थित PM₁₀, PM₂.₅ तथा अन्य वायु प्रदूषकों का नमूना संग्रह एवं विश्लेषण किया जा सकेगा। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक पर्यावरणीय विश्लेषण तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा तथा विभाग की शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महाविद्यालय में अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रयोगशाला का अवलोकन किया और उपकरणों की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की



