Homeउत्तर प्रदेशक्राइम

मोदीनगर: पत्नी के मायके में रहने से नाराज, दामाद ने की ससुर की हत्या

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। मोदीनगर क्षेत्र के फफराना रोड के निवासी पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के ससुराल लौटने से इनकार करने पर कथित रूप से भाजपा से जुड़े एक नेता ने अपने ससुर की हत्या कर दी, जबकि पत्नी भी हमले में घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक अनार सिंह (65) मोदीनगर के फफराना रोड के निवासी थे और मोदी रबर फैक्ट्री से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। उनके परिवार में तीन बेटियां हैं। उनकी एक बेटी मोनिका की शादी बुलंदशहर के शिकारपुर निवासी संदीप चौधरी से हुई थी। वर्तमान में संदीप मोदीनगर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रह रहा था।

परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद मोनिका अपने मायके आ गई थी। आरोप है कि गुरुवार रात संदीप चौधरी अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

मृतक के बेटे का आरोप है कि विवाद के दौरान संदीप ने गुस्से में आकर उनके पिता अनार सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। जब मोनिका ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल अनार सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी गई है। घायल महिला का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीर समस्या को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button