महाकवि नीरज की स्मृति में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन, देर रात तक गूंजती रहीं तालियां

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति, दिल्ली एवं महाकवि गोपालदास ‘नीरज’ फाउंडेशन ट्रस्ट, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देशभर से आए कवियों ने अपनी ओजपूर्ण, भावपूर्ण एवं हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महाकवि गोपालदास ‘नीरज’ की स्मृति को समर्पित इस आयोजन में देर रात तक साहित्य और कविता की रसधारा बहती रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज, यति नरसिंहानंद गिरि महाराज, पद्मश्री एवं राष्ट्रीय कवि सुरेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय कवि सर्वेश अस्थाना, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव ने की।

मां सरस्वती वंदना से आरंभ हुए कार्यक्रम में महाकवि नीरज के सुपुत्र शशांक नीरज ने अपनी गजलों के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कर्नल संजय चतुर्वेदी, डॉ. ऋषि गौतम, डॉ. कविता ‘किरण’, पवन कुमार (आईएएस), डॉ. सीता ‘सागर’, सर्वेश अस्थाना तथा महेश श्रीवास्तव सहित अनेक कवियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं की खूब सराहना प्राप्त की।

राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार, पारिवारिक संस्कार, प्रेम, संवेदना और समसामयिक विषयों पर आधारित कविताओं ने जहां श्रोताओं को भावुक किया, वहीं हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियों ने सभागार को ठहाकों से गूंजायमान कर दिया। कार्यक्रम ने साहित्य प्रेमियों को एक यादगार सांस्कृतिक संध्या प्रदान की।



