
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। एम.एम.एच. कॉलेज, गाजियाबाद में शनिवार 02 अगस्त 2026 को प्रातः 10:30 बजे “नशा मुक्त भारत अभियान” का शुभारंभ बड़े उत्साह एवं संकल्प के साथ किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर प्रो. आर.एस. यादव, प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. शैलेंद्र गंगवार, डॉ. हरिदत्त शर्मा, डॉ. रितेश यादव एवं डॉ. शिवम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजपाल त्यागी ने “नशा मुक्त भारत” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी तोड़ता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर प्रो. रविंद्र सिंह यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा जागरूक होंगे और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ेंगे। कॉलेज इस दिशा में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में समस्त छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने “नशा न करने तथा समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक करने” की शपथ ली।

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत आगे भी सेमिनार, पोस्टर प्रतियोगिता, रैलियां एवं परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की बुराइयों से बचाया जा सके।



