
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ओमकारा पब्लिक स्कूल, गोविंदपुरम के बच्चों ने एनडीआरएफ (NDRF) कैंटोनमेंट पहुंचकर देश की सेवा में समर्पित अधिकारियों एवं जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान बच्चों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त की। बच्चों ने जवानों को मिठाई खिलाई और उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को एनडीआरएफ जवानों से मिलने और उनके साथ बातचीत करने का विशेष अवसर मिला। बच्चों ने जवानों से उनकी जिम्मेदारियों, चुनौतियों और देशसेवा से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त की। एनडीआरएफ परिसर में जवानों का अनुशासन, साहस और समर्पण देखकर बच्चे काफी प्रभावित हुए।

रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन ने बच्चों और जवानों के बीच स्नेह व सम्मान का भाव और मजबूत किया। बच्चों ने कहा कि देश की सुरक्षा और आपदा के समय लोगों की जान बचाने के लिए जवानों द्वारा किए जाने वाले कार्य प्रेरणादायक हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीतू शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे उनमें देशभक्ति, संस्कार, अनुशासन, सम्मान और सेवा भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर जवानों के साथ समय बिताना बच्चों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव रहा।

विद्यालय परिवार की ओर से एनडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।



