
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। वरिष्ठ फोटोग्राफर उस्मान सैफी के आकस्मिक निधन का समाचार मिलते ही मीडिया जगत में गहरा शोक व्याप्त हो गया। उनके निधन को पत्रकारिता एवं फोटोग्राफी क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। अपने सौम्य व्यवहार, मिलनसार व्यक्तित्व और उत्कृष्ट कार्यशैली के कारण उस्मान सैफी ने पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस के बीच विशेष पहचान बनाई थी।
उनकी शोक सभा में गाजियाबाद की विभिन्न प्रमुख समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों के पत्रकार, संपादक, मुख्य संपादक, फोटोग्राफर तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। सभी ने दिवंगत उस्मान सैफी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और कार्यों की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि उस्मान सैफी एक समर्पित एवं कर्मठ फोटोग्राफर थे, जिन्होंने अपने कैमरे के माध्यम से समाज की अनेक महत्वपूर्ण घटनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनका सरल स्वभाव और सहयोगी भावना उन्हें सभी के बीच लोकप्रिय बनाती थी।
शोक सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने कहा कि उस्मान सैफी की कमी सदैव महसूस की जाएगी और उनकी स्मृतियां सभी के हृदय में हमेशा जीवित रहेंगी।



