
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद इकाई द्वारा अध्यक्ष रविंद्र कुमार मांदड़ (आईएएस), जिलाधिकारी गाजियाबाद के आह्वान पर विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में राजकीय रक्त कोष, संयुक्त चिकित्सालय गाजियाबाद में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। रक्तदाताओं को रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रशंसा पत्र एवं स्मृति स्वरूप मग प्रदान कर सम्मानित किया गया।
द्वितीय चरण में 50 चयनित पात्र क्षय रोगियों (टीबी मरीजों) को पोषण पोटली वितरित की गई। वहीं तृतीय चरण में 12 कुपोषित बच्चों** को पोषण पोटली प्रदान करते हुए उनके अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी गई तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उचित खानपान अपनाने की सलाह दी गई।

रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति सुभाष गुप्ता ने कहा कि इस अभियान की सफलता में जिला मलेरिया अधिकारी, संजय यादव, धवल गुप्ता, डॉ. पवन कुमारी, एम.सी. गौड़, राकेश गुप्ता, राजेश गर्ग, विपिन अग्रवाल, डॉ. ओ.पी. अग्रवाल, विनोद कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम एवं भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, लगन और सेवा भावना का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जो स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।

उन्होंने बताया कि सेवा दिवस के सफल आयोजन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सांसद सहित दूर-दराज से आए अतिथियों एवं नागरिकों ने कार्यक्रम की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाएं पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।



