शिव शंकर ज्योतिष एवं वास्तु अनुसंधान केंद्र के नवीन कार्यालय का उद्घाटन आज 20 सितम्बर को

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। शिव शंकर ज्योतिष एवं वास्तु अनुसंधान केंद्र के नवीन कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन 20 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। संस्थान के अध्यक्ष पंडित शिवकुमार शर्मा ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र में अपनी ज्योतिषीय भविष्यवाणियों, व्रत-पर्व निर्णयों तथा वास्तु परामर्श के लिए प्रसिद्ध यह संस्थान अब नए स्थान पर स्थानांतरित हो गया है।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में एमएलसी श्री दिनेश कुमार गोयल एवं गाजियाबाद सदर विधायक श्री संजीव शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दोनों अतिथि दीप प्रज्ज्वलित कर संस्थान के नवीन कार्यालय का शुभारंभ करेंगे तथा अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
पंडित शिवकुमार शर्मा के अनुसार कार्यक्रम के दौरान ज्योतिष एवं वास्तु विषयक शोध पत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। ये शोध पत्र समय-समय पर उनके द्वारा तैयार किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पिछले 22 वर्षों में संस्थान द्वारा जनहित में आयोजित निःशुल्क ज्योतिष एवं वास्तु सेमिनारों की झलकियों और छायाचित्रों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वास्तु की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए संस्थान ने “वास्तु ऑडिट” नाम से एक विशेष प्लेटफॉर्म विकसित किया है। इसके माध्यम से मकान, दुकान, कार्यालय, फैक्ट्री आदि का वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुभवजन्य सूत्रों के आधार पर गहन विश्लेषण एवं परीक्षण किया जाएगा। उनका कहना है कि वास्तु का मूल आधार पंचतत्वों का संतुलन है, जो व्यक्ति के भीतर स्थित पंचमहाभूतों के सामंजस्य से जुड़ा हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान एमएलसी श्री दिनेश कुमार गोयल एवं विधायक श्री संजीव शर्मा के करकमलों द्वारा “वास्तु ऑडिट” के लोगो का भी लोकार्पण किया जाएगा। समारोह में गाजियाबाद क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहेंगे।



