इंदिरापुरम: गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुति से झंकृत हुआ स्वर्ण जयंती पार्क

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। इंदिरापुरम नवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर धार्मिक उत्सव समिति के अंतर्गत रामलीला समिति, इंदिरापुरम द्वारा 16 अक्टूबर को स्वर्ण जयंती पार्क में भव्य गरबा-डांडिया सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भक्ति, उल्लास और लोकसंस्कृति के रंगों से सजे इस आयोजन में पार्श्वनाथ सोसायटी की नृत्य टीम ‘झंकार’ की नृत्यांगनाओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से समां बाँध दिया। पारंपरिक गरबा-डांडिया की लयबद्ध थिरकन, आकर्षक नृत्य-शैली और सामूहिक तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस सांस्कृतिक प्रस्तुति में निधि वर्मा, मुक्ति बत्रा, रेनू बाला सिंह, ज्योति छाबड़ा, निधि सिंह, सोनी देवल, शालिनी शर्मा एवं सीमा गुप्ता ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
टीम ‘झंकार’ की इस प्रस्तुति ने नवरात्रि के भक्तिमय वातावरण में उत्सव के उल्लास और भारतीय लोकसंस्कृति की सुंदर छटा बिखेर दी।



