मुरादनगर रामलीला में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, हनुमान जी ने किया लंका दहन

मुरादनगर,(आनन्द धारा)। श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में टंकी रोड पर आयोजित रामलीला महोत्सव में कलाकारों ने माता सीता की खोज, अशोक वाटिका प्रसंग और लंका दहन की लीला का मनोहारी मंचन किया। लीला के दौरान दर्शक जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।
बाली वध के बाद सुग्रीव के किष्किंधा का राजा बनने और अंगद को युवराज पद सौंपे जाने का मंचन किया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम की आज्ञा से वानर सेना माता सीता की खोज में जुट गई। जामवंत ने हनुमान जी को उनकी शक्तियों का स्मरण कराया, जिसके बाद हनुमान जी समुद्र पार कर लंका पहुंचे। अशोक वाटिका में माता सीता को भगवान श्रीराम की अंगूठी देकर उन्होंने प्रभु का संदेश सुनाया, जिससे माता सीता को उनके आगमन का विश्वास हुआ।
इसके बाद हनुमान जी ने अशोक वाटिका में फल खाए और वाटिका को उजाड़ दिया। इस दौरान उन्होंने रावण के पुत्र अक्षय कुमार सहित राक्षसों का सामना किया। मेघनाद ने हनुमान जी को ब्रह्मपाश में बांधकर रावण के दरबार में प्रस्तुत किया। रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई गई, जिसके बाद उन्होंने जलती पूंछ से सोने की लंका में आग लगा दी। लंका दहन के दृश्य ने दर्शकों में विशेष उत्साह भर दिया और पूरा रामलीला पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर संचालक अरविंद भारतीय, बुधप्रकाश गोयल, सुशील गोयल, अध्यक्ष विनोद धनगर, महामंत्री महेश चंद गोयल, कोषाध्यक्ष सुभाष चंद्र गर्ग, अमरीश गोयल, लखमीचंद सिंघल, भाजपा मण्डल अध्यक्ष राहुल गोयल, बाला जी मंदिर के महंत संदीप शर्मा, अनिल गोयल, वासु गुप्ता, सचित गोयल, प्रमोद गोयल, शिवकुमार गोयल, भूपेंद्र पाल, सुरेश पहलवान, संजीव राजपूत सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।



