Homeगाजियाबादमैराथनसामाजिक

गाजियाबाद मैराथन–2026 में दौड़ेंगे 10 हजार से अधिक प्रतिभागी, 18 अक्टूबर को होगा ‘RUN FOR AKHAND BHARAT’

गाजियाबाद, (आनन्द धारा)। क्रीड़ा भारती, गाजियाबाद महानगर एवं अखंड भारत मिशन, गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य प्रायोजक एंटीलिया (ENTILLIA) के सहयोग से तृतीय गाजियाबाद मैराथन–2026 का आयोजन 18 अक्टूबर को किया जाएगा। ‘RUN FOR AKHAND BHARAT’ थीम पर आयोजित इस मैराथन में 10,000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने का अनुमान है। चार किलोमीटर की यह दौड़ सुबह 6 बजे एंटीलिया, राजनगर एक्सटेंशन से शुरू होगी।

पिछले वर्ष से दोगुने से अधिक प्रतिभागियों की उम्मीद

आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम अध्यक्ष रोटेरियन अश्वनी शर्मा, अध्यक्ष क्रीड़ा भारती, गाजियाबाद महानगर एवं संस्थापक अखंड भारत मिशन ने बताया कि पिछले वर्ष मैराथन में 4,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस बार लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और 10,000 से अधिक लोगों की भागीदारी की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि एंटीलिया आयोजन का मुख्य प्रायोजक है, जबकि रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट और इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी भी सहयोग कर रहे हैं। मैराथन का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस, खेल भावना, देशप्रेम और राष्ट्रभावना को प्रोत्साहित करना है।

प्रेस वार्ता में एंटीलिया के डायरेक्टर निखिल कुमार, अखंड भारत मिशन की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सीमा गोयल, शिवानी त्यागी, डॉ. दीपा सिरोही और शुभम गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य जागरूकता और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन

एंटीलिया के डायरेक्टर निखिल कुमार ने कहा कि मैराथन के माध्यम से युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ देशप्रेम और राष्ट्रभावना को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट की अध्यक्ष निधि गौड़ ने बताया कि उनका क्लब ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और खेल शिक्षकों को प्रोत्साहित करने की योजना बना रहा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए क्रीड़ा भारती की पहल की सराहना की।

200 से 250 स्वयंसेवक संभालेंगे व्यवस्थाएं

अखंड भारत मिशन की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सीमा गोयल ने बताया कि आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगभग 200 से 250 स्वयंसेवक सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। जिन प्रतिभागियों का पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है, वे एंटीलिया, राजनगर एक्सटेंशन पहुंचकर पंजीकरण संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन तथा विभिन्न निजी अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रमाणपत्र

कार्यक्रम अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बताया कि मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट और सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। विजेताओं को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आयोजन के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए चयनित क्रीड़ा केंद्रों को आर्थिक सहयोग देने का भी प्रयास किया जाएगा। ऐसे केंद्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां खेल शिक्षक सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

कई प्रमुख अतिथि होंगे शामिल

आयोजन में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित एवं क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भानु सचदेवा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल मुख्य संरक्षक और भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अतिरिक्त क्रीड़ा भारती के प्रांत संगठन मंत्री उमेश कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अतुल कुमार, कोर्टयार्ड मैरियट के चेयरमैन अनिल गर्ग तथा अखंड भारत मिशन के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी वी.के. सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में रोटेरियन डीजी अमित गुप्ता, पीडीजी अशोक अग्रवाल, पीडीजी जे.के. गौड़, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा और रोटेरियन एम.सी. गौड़ सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।

आयोजन की तैयारियों में जुटी टीम

मैराथन की व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी कल्पना त्यागी संभालेंगी। डॉ. शशि श्रीवास्तव, डॉ. दीपा सिरोही, शिवानी त्यागी, मृदुल महेश, शुभम गर्ग, संदीप शर्मा, अभिषेक मैत्रेय और नीतू सिंह सहित टीम के अन्य सदस्य आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।आयोजकों ने नागरिकों, युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ‘RUN FOR AKHAND BHARAT’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, खेल संस्कृति, सामाजिक एकता और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button