नोएडा में नव दुर्गा समिति की अनूठी पहल, झुग्गी बस्ती में दिया नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश

नोएडा,(आनन्द धारा)। हमारा देश त्योहारों और उत्सवों का देश है, जहां पूरे वर्ष विभिन्न पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाए जाते हैं। इन्हीं त्योहारों के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नव दुर्गा समिति, नोएडा के युवाओं ने धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक जागरूकता अभियान चलाया। समिति के सदस्यों ने सेक्टर-8 स्थित झुग्गी बस्ती में रहने वाले लोगों को त्योहारों के महत्व की जानकारी दी और उन्हें नशे से दूर रहने, स्वच्छता अपनाने तथा पॉलीथीन का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के प्रमुख सदस्य पंडित राज दुबे ने संवाददाता से विशेष बातचीत में बताया कि समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के साथ समाज में एकता, सद्भाव और जागरूकता की भावना को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से ‘जात-पात की करो विदाई, हिंदू-हिंदू भाई-भाई’ का संदेश देते हुए मंदिर में विभिन्न जातियों के लोगों के साथ पूजन-अनुष्ठान किया गया। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भेदभाव को दूर कर सभी को मिल-जुलकर रहना चाहिए। त्योहार केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि ये लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सेवा की प्रेरणा देने का माध्यम भी हैं।
पंडित राज दुबे ने बताया कि नव दुर्गा समिति धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देती है। समिति का प्रयास है कि त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और जरूरतमंद लोगों को भी इन आयोजनों से जुड़ने का अवसर मिले।
इस अभियान में समिति के प्रमुख सदस्यों विशाल राज, सचिन, सुमित, दीपक, गोलू, विवेक, संदीप और अभिषेक ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने आमजन से आगामी भंडारे में सहयोग करने की अपील की। समिति के अनुसार, भंडारे में लगभग 500 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।



