राजनगर में भक्ति की बही अविरल धारा, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया श्री गिरिराज महोत्सव

विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा एवं श्री बांके बिहारी संकीर्तन मंडल के संयुक्त तत्वावधान में धर्माचार्य प्रमुख आचार्य राकेश शास्त्री के नेतृत्व में हुआ भव्य आयोजन
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। राजनगर में सोमवार को विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा एवं श्री बांके बिहारी संकीर्तन मंडल के संयुक्त तत्वावधान में श्री गिरिराज महोत्सव का भव्य एवं दिव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। राजनगर स्थित R-10/E-46 पर आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने अपने परिवार सहित सहभागिता कर भगवान श्री गिरिराज महाराज के दर्शन एवं पूजन का पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, आध्यात्मिकता और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा दिखाई दी। भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों से समूचा राजनगर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के आयोजक एवं विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के धर्माचार्य प्रमुख आचार्य राकेश शास्त्री ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि श्री गिरिराज महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा, समर्पण और ब्रज की पावन संस्कृति से जुड़ने का पवित्र अवसर है। ऐसे आयोजनों से समाज में धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के पीठाधीश्वर ब्रह्मऋषि विभूति बीके शर्मा हनुमान ने कहा कि सनातन धर्म में गोवर्धन पर्वत को साक्षात भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप मानकर पूजा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जब देवराज इंद्र ने ब्रजवासियों पर मूसलाधार वर्षा कर प्रकोप दिखाया, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर समस्त ब्रजवासियों और गौमाता की रक्षा की थी। यह प्रसंग हमें प्रकृति संरक्षण, गौसेवा, सामूहिक एकता और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का संदेश देता है। गिरिराज महाराज की आराधना से मनुष्य के जीवन में विनम्रता, सेवा, सद्भाव और समर्पण के भाव जागृत होते हैं। श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर के पीठाधीश्वर श्री महंत नारायण गिरि जी महाराज ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं।

ये आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपने धर्म, संस्कारों और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। भगवान के भजन और संकीर्तन से मन को शांति मिलती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। महोत्सव में भगवान श्री गिरिराज महाराज की महिमा का गुणगान किया गया। श्रद्धालु भक्ति संगीत और संकीर्तन में भावविभोर होकर झूमते नजर आए। श्री किशोरी जी शरणागत के पावन भाव के साथ सभी भक्तों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। आयोजन की सेवा ज्योतिषाचार्य एवं धर्माचार्य प्रमुख आचार्य राकेश शास्त्री द्वारा की गई। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, धर्माचार्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान श्री गिरिराज महाराज का पूजन किया तथा परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। अंत में आयोजक आचार्य राकेश शास्त्री ने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्री गिरिराज महाराज के चरणों में विश्व कल्याण, सामाजिक सद्भाव और सर्वमंगल की प्रार्थना की।



