
गाजियाबाद(,आनन्द धारा)। महावीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन जीएस सूरी की स्मृति में शास्त्री नगर स्थित कैप्टन जीएस सूरी पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चे, पूर्व सैनिकों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर वीर शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान 12 बिहार रेजिमेंट एवं ऑर्डिनेंस की ओर से शहीद कैप्टन जीएस सूरी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जीएस चंदेल, एएस जनरल रवि डूसाज, ब्रिगेडियर राजीव मिश्रा, एनसीसी कमांडेंट सहित स्थानीय विधायक अजीत पाल त्यागी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में राज्यपाल जनरल वीके सिंह की पुत्री श्रीमती मृणालिनी ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उल्लेखनीय है कि पिछले 27 वर्षों से कैप्टन जीएस सूरी मेमोरियल ट्रस्ट, सैनिक परिवार वेलफेयर एसोसिएशन, गाजियाबाद नगर निगम तथा स्थानीय आरडब्ल्यूए के सहयोग से प्रतिवर्ष इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को देशभक्ति, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देना है।
कार्यक्रम का संचालन सैनिक परिवार गाजियाबाद एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष एडवोकेट बीसी बंसल (बालचंद बैंसला) ने किया। आयोजन में संस्था के जिला महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा, एसएमआर एन. सिंह, चौधरी महिपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर शहीद कैप्टन जीएस सूरी के पिता कर्नल टीपीएस सूरी एवं उनके छोटे भाई कर्नल रणधीर सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की फोटोग्राफी संस्था के सदस्य कुलदीप राय ने की। वहीं, ट्रस्ट की ओर से एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, अतिथियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। श्रद्धांजलि सभा ने एक बार फिर वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।




