Homeअध्यात्मउत्तर प्रदेशयोगसामाजिकस्वास्थ्य

श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा से दादरी आश्रम में उत्साह के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

दादरी,(आनन्द धारा)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति, के तत्वावधान में दादरी आश्रम में सुविख्यात सतपाल जी महाराज के निर्देशानुसार विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दादरी क्षेत्र के बड़ी संख्या में प्रेमी भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत योगाभ्यास के साथ हुई। पूजनीय बाई जी की देखरेख में जय प्रकाश ने भारत सरकार द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न आसन और प्राणायाम कराए। उपस्थित लोगों ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।

योग सत्र के दौरान शरीर, मन और आत्मा के संतुलन पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली एक आध्यात्मिक प्रक्रिया भी है। नियमित योग अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी प्राप्त करता है।

योग सत्र के उपरांत स्वास्थ्य संबंधी विशेष परामर्श दिया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने अपनी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें आध्यात्मिक जीवन, मानव मूल्यों एवं आत्मिक उन्नति पर प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र के अनेक प्रेमियों ने सहयोग किया। इस अवसर पर सतपाल शर्मा, रामवीर, संतवीर, विक्रम, राजेश, सतीश, प्रकाश रामगढ़, नंदराम, जय प्रकाश सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं महिला सहभागियों में कुसुम, सोमा, विजय लक्ष्मी, गीता, मधु सहित कई बहनों ने आयोजन में सहयोग किया। दोपहर में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के लिए मीठे शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सेवा कार्य में सहयोग किया।

अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और योग को नियमित जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, अनुशासन और आध्यात्मिक जागरूकता की ओर प्रेरित करना रहा। दादरी आश्रम में आयोजित यह योग दिवस कार्यक्रम पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और जनजागरूकता का संदेश देकर संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button