Homeअध्यात्मउत्तर प्रदेशगाजियाबादसामाजिक

मुरादनगर में ‘गंगा दशहरा’ पर ‘सतलोक आश्रम’ ने दी सेवा की मिसाल, 4 हजार लोगों को पिलाया शीतल शरबत

मुरादनगर,(आनन्द धारा)। जनपद गाजियाबाद में मानव उत्थान सेवा समिति शाखा सतलोक आश्रम मुरादनगर द्वारा गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर सेवा और मानव कल्याण की भावना के साथ शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परम पूज्य सदगुरुदेव श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में भीषण गर्मी के बीच हजारों लोगों को ठंडा शरबत वितरित कर राहत पहुंचाई गई।

आश्रम परिसर के बाहर बुधवार को सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस सेवा कार्य में लगभग 4000 से अधिक श्रद्धालुओं, राहगीरों और स्थानीय लोगों ने शीतल शरबत ग्रहण किया। गर्मी और उमस के बीच लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा का सराहनीय प्रयास बताया।

कार्यक्रम का संचालन आश्रम प्रभारी महात्मा श्री ज्ञानशब्दानंद जी, महात्मा श्री विनयकानंद जी एवं साध्वी पुष्पांजलि जी की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर मानव सेवा दल, यूथ विंग के कार्यकर्ताओं और आश्रम से जुड़े सेवाभावी लोगों ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम में शामिल सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने आने जाने वाले लोगों को शरबत पिलाकर गर्मी से राहत दिलाने का प्रयास किया। सेवा कार्य में रामकुमार यादव, उमेश सोनी, नंदिनी, सनी, देवेंद्र शर्मा, लता शर्मा, ज्ञानेश जी, अंकित शर्मा, श्वेता वशिष्ठ सहित कई कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया।

आयोजकों ने बताया कि मानव सेवा समिति का उद्देश्य समाज में प्रेम, सहयोग और सेवा की भावना को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे की मदद करने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देते हैं।
आश्रम से जुड़े पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गंगा दशहरा जैसे पवित्र पर्व पर सेवा करना मानवता की सच्ची भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में शरबत वितरण से आमजन को काफी राहत मिली और समाज में सेवा व भाईचारे का संदेश गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button