
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। महानगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें संस्करण के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के दुग्ध एवं पशुधन विकास मंत्री एवं गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह का भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने कारगिल विजय दिवस को स्मरण करते हुए भारतीय सैनिकों की वीरता और बलिदान को नमन किया तथा देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री जी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए देशभर में चल रहे वृक्षारोपण अभियान की सराहना की। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से जीवन के विशेष अवसरों पर एक पेड़ लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और इसके विकल्प अपनाने की अपील की।

प्रधानमंत्री जी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने क्लासगो में आयोजित पैरा एथलीट्स के योगदान और उनकी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर चर्चा करते हुए उन्होंने क्रिकेट, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की।
प्रधानमंत्री जी ने देश के विभिन्न राज्यों में पारंपरिक उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं के बढ़ते उपयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कश्मीर की विशेष चटाई, त्रिपुरा के वाद्य यंत्रों और मणिपुर में सौरमंडल की पहचान में योगदान देने वाले संस्थान का जिक्र करते हुए स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने देश के बुनकरों और कारीगरों के योगदान को रेखांकित करते हुए सभी नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आग्रह किया।
प्रभारी मंत्री जी ने प्रधानमंत्री के संदेशों का उल्लेख करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने, पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, महानगर महामंत्री गौरव चोपड़ा, पंकज भारद्वाज, प्रदीप चौहान, रिचा भदौरिया, वरुण नागर , संजय कश्यप, महानगर मीडिया प्रभारी नीरज शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



