
मुरादनगर,(पवन शर्मा)। जनपद गाजियाबाद स्थित सतलोक आश्रम के प्रांगण में मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा संचालित वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत शनिवार को परम पूज्य सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज जी एवं उनके सुपुत्र समाजसेवी श्री सुयश महाराज जी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ज्ञात हो कि मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा 18 जुलाई से 02 अगस्त 2026 तक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में श्री सतपाल महाराज जी ने स्वयं पौधा रोपित कर सभी देशवासियों से अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के नाम पर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्री महाराज जी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। वृक्षों से न केवल पर्यावरण शुद्ध होता है, बल्कि पृथ्वी का संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को सुचारु रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्री सुयश महाराज जी ने भी वृक्षारोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

आश्रम परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सेवकों ने भी वृक्षारोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।



