
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। बाल विकास परियोजना शहर द्वारा ग्राम रईसपुर स्थित सामुदायिक केंद्र-1 में “आहार से उपचार” कार्यक्रम के अंतर्गत अति कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित की गई। कार्यक्रम का आयोजन बाल विकास परियोजना अधिकारी के निर्देशन में किया गया, जिसमें रईसपुर की पार्षद श्रीमती सुमन चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान कुल 84 अति कुपोषित बच्चों को पोषण किट प्रदान की गई। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना शहर की समस्त सुपरवाइजरों एवं संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की और लाभार्थी परिवारों को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

बाल विकास परियोजना अधिकारी ने उपस्थित अभिभावकों को पोषण किट में उपलब्ध सामग्री के उपयोग, संतुलित आहार के महत्व तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं विकास के लिए आवश्यक पोषण संबंधी सुझावों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि “आहार से उपचार” पहल का उद्देश्य कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार लाना तथा उन्हें आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराना है।
पार्षद सुमन चौधरी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं पोषित होना समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के खान-पान और स्वास्थ्य के प्रति विशेष जागरूक रहें तथा पोषण किट का निर्धारित तरीके से उपयोग करें।

कार्यक्रम का समापन बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कुपोषण मुक्त समाज के संकल्प के साथ किया गया।



