
हापुड़,(आनन्द धारा)। मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में तथा प्रख्यात आध्यात्मिक गुरु श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा से संचालित वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रविवार को पंचशील कॉलोनी, हापुड़ में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान 18 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ चलाया गया।
कार्यक्रम आश्रम प्रभारी पूजनीय महात्मा त्रिलोका बाई जी के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में शाखा प्रधान सुशील कुमार, राधेश्याम तोमर, विजेंद्र त्यागी, डॉ. संजीव कुमार, लीलू कश्यप, कपिल कश्यप सहित मानव उत्थान सेवा समिति के अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं यूथ टीम से निधि, प्रिया कश्यप, लक्षित एवं बलजीत सहित अन्य युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कर अभियान को सफल बनाया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।



