
नई दिल्ली। जन्माष्टमी के दिन दिल्ली-एनसीआर के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। नोएडा सहित आसपास के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग ने क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शनिवार को भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। हालांकि, बारिश के बीच यदि धूप निकलती है तो उमस बढ़ने के साथ लोगों को फिर से गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के बावजूद तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान करीब 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ऐसे में बारिश के बाद कुछ समय के लिए मौसम सुहावना हो सकता है, लेकिन धूप निकलते ही उमस परेशानी बढ़ा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में बदले मौसम के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, तेज हवाओं और संभावित बारिश को देखते हुए वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



