
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत द्वारा अंबेडकर रोड स्थित बीकानेर के सामने दीपाली ज्वेलर्स के प्रांगण में एक महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक सरोकार से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
क्लब के मीडिया प्रभारी संदीप सिंघल ने बताया कि रक्तदान शिविर में क्लब की महिला सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज सेवा की भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन रो. विभु बंसल (चेयरमैन, नगर पालिका पिलखुवा) ने स्वयं सबसे पहले रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया तथा लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में व्यापार मंडल, अंबेडकर रोड का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। शिविर के दौरान कुल 85 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत के अध्यक्ष अंजुल गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी व्यापार मंडल पदाधिकारियों, रक्तदाताओं एवं क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और मानव कल्याण के ऐसे कार्य आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस रक्तदान शिविर के साथ-साथ भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम सामाजिक सेवा, जनकल्याण और मानवीय सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।



