“शिव शंकर ज्योतिष एवं वास्तु अनुसंधान केंद्र के नवीन कार्यालय का हुआ शुभारंभ, ‘वास्तु ऑडिट’ प्लेटफॉर्म का लोगो भी लॉन्च”

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। हरदेव सहाय मोहल्ला स्थित शिव शंकर ज्योतिष एवं वास्तु अनुसंधान केंद्र के नवीन कार्यालय का रविवार को विधिवत उद्घाटन एवं शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) दिनेश गोयल एवं नगर विधायक संजीव शर्मा ने केंद्र के नए कार्यालय का उद्घाटन कर शुभकामनाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलसी दिनेश गोयल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र के अध्यक्ष पंडित शिवकुमार शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि “ज्योतिष एवं वास्तु जैसी पराविद्याएं भारत की विश्व को अमूल्य देन हैं। आज विश्वभर में इनका अध्ययन और उपयोग किया जा रहा है तथा लाखों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं।”

वहीं, नगर विधायक संजीव शर्मा ने फीता काटकर नवीन कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ज्योतिष एवं वास्तु का महत्व निरंतर बढ़ रहा है और यह विज्ञान की भांति लोगों के जीवन को दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन विद्याओं का सकारात्मक लाभ समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।
समारोह के दौरान शिव शंकर ज्योतिष एवं वास्तु अनुसंधान केंद्र के नवीन प्लेटफॉर्म “वास्तु ऑडिट” का भी विधिवत लोगो लॉन्च किया गया। केंद्र के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से भवनों एवं प्रतिष्ठानों के वास्तु संबंधी प्रत्येक पहलू का गहन निरीक्षण, विश्लेषण एवं मूल्यांकन किया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी रविंद्र चौहान, विजय कौशिक, दिनेश शर्मा, संजीव जी, इंजीनियर सतीश चौधरी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिरोही, पंडित दुलीदत्त कौशिक, पंडित भवानी शंकर**, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के एनसीआर महामंत्री पंडित विजय कुमार मिश्रा, हस्तरेखा विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार, सोशल मीडिया एक्सपर्ट अविजीत बसक, रीता चौधरी, विजय शर्मा, जयंत त्यागी, पंडित श्रवण कुमार शर्मा, मनोज कौशिक, मनीष वशिष्ठ, प्रियांशु शर्मा, पंडित अंकित शर्मा, पंडित कृष्ण शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में केंद्र के आचार्य पंडित शिवकुमार शर्मा ने सभी अतिथियों एवं विशिष्ट जनों को स्मृति-चिह्न, ‘वास्तु अमृत’ पुस्तक तथा ‘वास्तु दर्शन’ पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित अतिथियों ने केंद्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी पहल बताया।



