Homeअध्यात्मगाजियाबादसामाजिकसांस्कृतिक

राजनगर रामलीला में जिलाधिकारी ने किया रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन, जय श्रीराम के नारों से गूंजा मैदान

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। श्री रामलीला समिति, राजनगर की ओर से आयोजित रामलीला मेले में विजयदशमी के अवसर पर भारी संख्या में लोग पहुंचे। रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मानदंड ने रावण के पुतले का दहन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भगवान श्रीराम की लीला हम सभी को सत्य, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने के लिए रामलीला का मंचन बेहद महत्वपूर्ण है।

अहिरावण वध के बाद हुआ रावण का संहार

रामलीला के मंचन में भगवान श्रीराम और लंकापति रावण के बीच युद्ध के प्रसंग को दर्शाया गया। मेघनाद और कुंभकरण के वध के बाद रावण अपने पुत्र अहिरावण को बुलाता है। अहिरावण विभीषण का रूप धारण कर श्रीराम के शिविर में प्रवेश करता है और श्रीराम तथा लक्ष्मण का अपहरण कर उन्हें पाताल लोक ले जाता है।

इसके बाद हनुमान जी श्रीराम और लक्ष्मण की खोज में पाताल लोक पहुंचते हैं। वहां द्वार पर उनकी मुलाकात मकरध्वज से होती है। युद्ध के बाद हनुमान जी अहिरावण के पास पहुंचते हैं और उसका वध कर श्रीराम तथा लक्ष्मण को मुक्त कराते हैं।

इसके पश्चात श्रीराम और रावण के बीच निर्णायक युद्ध का मंचन हुआ। विभीषण द्वारा रावण की नाभि में अमृत होने की जानकारी देने के बाद श्रीराम ने अपने बाणों से रावण का वध किया। रावण के अंत के साथ ही मैदान में उपस्थित लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए और वातावरण भक्तिमय हो गया।

समिति के पदाधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में रामलीला समिति के संस्थापक सदस्य एवं संरक्षक जितेन्द्र यादव (पूर्व विधायक), नरेश सिंघल, अध्यक्ष जय कुमार गुप्ता, महामंत्री दीपक मित्तल, कोषाध्यक्ष आरके शर्मा, मुख्य संयोजक राकेश मिश्रा, आरएन पांडेय, राजीव मोहन, विनीत शर्मा, एसएन अग्रवाल, अमरीश त्यागी, जीपी अग्रवाल, राजीव त्यागी, स्थानीय पार्षद प्रवीन चौधरी, सुभाष शर्मा, मुकेश मित्तल, विनोद गोयल, राजीव गुप्ता, महावीर बंसल, राधेश्याम सिंघल, बृजमोहन सिंघल, केपी गुप्ता, रेखा अग्रवाल, सौरभ गर्ग, मोतीलाल गर्ग, सुंदर लाल यादव, मदन लाल हरित, मुख्य सलाहकार अनिल कुमार, डॉ. आरके मित्तल, आलोक मित्तल, मनीष वशिष्ठ, आकाश वशिष्ठ, मुकेश शर्मा, श्रीचंद चौहान, वीरेंद्र सारस्वत, गोल्डी सहगल, ओमप्रकाश भोला, विजय लुंबा, संजीव गुप्ता, आदित्य कौशिक, डॉ. आरके पोद्दार, डॉ. मधु पोद्दार, भूपेंद्र चित्तौड़िया, जय सिंह, गुरविंदर सिंह, गगनदीप और जितेंद्र रंधावा सहित राजनगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रामलीला समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button