
एल.एम.टी. खो-खो क्लब की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर फाइनल तक बनाई जगह, सोनीपत की टीम से रोमांचक मुकाबले में मिली हार
गाजियाबाद, (पवन शर्मा/आनन्द धारा)। शालू स्पर्धा खेल महोत्सव 2026 में एल.एम.टी. खो-खो क्लब गाजियाबाद की गर्ल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के दौरान टीम ने अपने पुल की सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में गाजियाबाद की टीम का सामना हरियाणा के सोनीपत की टीम से हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। अंत में 3-2 के स्कोर से सोनीपत की टीम विजयी रही और गाजियाबाद की टीम को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

एल.एम.टी. खो-खो क्लब गाजियाबाद की कोच मोनी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी बच्चे कड़ी मेहनत और लगन से अभ्यास करते हैं। उन्होंने बताया कि टीम की अधिकांश खिलाड़ी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं, इसके बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
क्लब के डायरेक्टर आदित्य शर्मा ने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



