Homeशिक्षासामाजिकसांस्कृतिक

संस्कृति वर्ल्ड स्कूल में सम्पन्न हुआ वार्षिक उत्सव,’कलरव’ ने रचा यादगार अध्याय, विद्यार्थियों की प्रतिभा ने मोहा मन

गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। गोविन्द पुरम स्थित चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में संस्कृति वर्ल्ड स्कूल का वार्षिक उत्सव “कलरव”भव्य आयोजन शुक्रवार 19 दिसम्बर 2025को हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक विष्णु त्यागी द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुआ। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. ऋचा सूद, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षाविद् एवं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इससे उनमें रचनात्मकता, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों का विकास होता है।

विशेष अतिथि रीना त्यागी ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया, उन्होंने स्वच्छता, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश देते हुए अभिभावकों और विद्यार्थियों से पर्यावरण के प्रति जागरूक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, संगीत तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने भरपूर तालियों के साथ सराहा। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मंच संचालन ने सभी को प्रभावित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रचिता त्यागी ने कहा कि संस्कृति वर्ल्ड स्कूल शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों-खुशी, प्रीति, ज्योति, मोनिका, वर्षा, अमृता, ज्योत्सना, मधु, पिंकी, अर्जुन एवं रचना का विशेष योगदान रहा।

साथ ही इस भव्य कार्यक्रम में ‘आनन्द धारा न्यूज़’ से पवन शर्मा ने भी बच्चों को सैर्टिफिकेट देकर शुभकामनायें दी

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सामूहिक रात्रि भोज के साथ हुआ। वार्षिक उत्सव “कलरव” विद्यालय, विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए एक यादगार अवसर बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button