Homeगाजियाबादसामाजिक

पूर्व सैनिक परिवार गाजियाबाद की बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर मंथन

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। सैनिक परिवार गाजियाबाद एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की बैठक जिला सैनिक बोर्ड स्थित सैनिक सभागार में संस्था अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन महासचिव सुरेन्द्र कुमार शर्मा एवं उपाध्यक्ष चौ. महिपाल सिंह ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया।

सहसचिव सुरेन्द्र सिंह ठाकरे ने पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों को सदन के समक्ष रखा। साथ ही 25 अगस्त को होने वाली सैनिक बंधु समिति की बैठक के लिए पूर्व सैनिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे तय किए गए।

बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व सैनिकों के शस्त्रों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण की लंबित समस्या का समाधान कराने, जिला सैनिक भवन के ऊपरी तल से निर्वाचन कार्यालय का कब्जा हटवाने तथा सैनिक बंधु समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी द्वारा किए जाने की मांग रखी गई। इसके अलावा जिला सैनिक बंधु समिति का विधिवत गठन कराने तथा जिला सैनिक कार्यालय परिसर में जनसुविधा केंद्र और कैफेटेरिया की व्यवस्था कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

वक्ताओं ने कहा कि सैनिक परिवारों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा गंभीरता से पहल किए जाने की आवश्यकता है। बैठक के अंत में संस्था अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल ने अध्यक्षीय संबोधन दिया। इसके बाद सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर सूबेदार मेजर आर.एन. सिंह, पू. एस. बाना, एम.पी. सिंह, देवराज, गजेन्द्र सिंह, सतबीर सिंह, अशोक चौधरी, श्रीमती किरण सत्य, आर.डी. शर्मा, के.पी. सिंह, दलबीर सिंह, निरंजन सिंह, डॉ. राजकुमार, युसुफ खान, बलराम सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे और उन्होंने अपने विचार रखे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button