
गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा)। संजय नगर स्थित भगवान परशुराम मंदिर के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर धार्मिक एवं श्रद्धामय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अश्वनी शर्मा ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान परशुराम जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आयोजन समिति, समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान परशुराम जी के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना कर समाज में धर्म, संस्कार, एकता एवं राष्ट्रभावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अश्वनी शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम जी त्याग, तपस्या, शौर्य, न्याय एवं धर्म के प्रतीक हैं। उनके जीवन एवं आदर्शों से हमें सत्य, संस्कार, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में हमारी सनातन संस्कृति और संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भगवान परशुराम जी की कृपा से समाज में सदैव सुख-शांति, समृद्धि, सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बना रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम जी से समाज, प्रदेश एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की।



