Homeगाजियाबाद

अंतर्राष्ट्रीय संगीत दिवस पर गूंजे शास्त्रीय संगीत के सुर, डॉ. मुकेश गर्ग को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। अंतर्राष्ट्रीय संगीत दिवस के अवसर पर गंधर्व संगीत महाविद्यालय, नेहरू नगर गाजियाबाद द्वारा एक भव्य शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व संरक्षक स्वर्गीय डॉ. मुकेश गर्ग को संगीत के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका श्रीमती मालविका भट्टाचार्य (गाजियाबाद) एवं डॉ. निवेदिता सिंह (पटियाला) द्वारा राग मधुवंती की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुआ। दोनों कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज और शानदार गायकी से वातावरण को सुरमयी बना दिया। प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने स्वर्गीय डॉ. मुकेश गर्ग को याद करते हुए संगीतांजलि अर्पित की।

समारोह में श्रीमती बागेश्री चक्रधर तथा संगीत संकल्प जयपुर की अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) माया रानी टाक की विशेष उपस्थिति रही। तबले पर हितेश गोयल और हारमोनियम पर कमलेशकांत नैथानी ने बेहतरीन संगत कर प्रस्तुतियों को और प्रभावशाली बनाया।

कार्यक्रम में गाजियाबाद, नोएडा और एनसीआर क्षेत्र से बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी पहुंचे। साहित्यकारों, कलाकारों और संगीत रसिकों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर दैनिक समाचार पत्र के मुख्य संपादक श्री संदीप सिंघल, विद्यालय संरक्षक श्री सुभाष गर्ग, श्री हरिदत्त शर्मा, श्री ज्ञानेंद्र शर्मा, डॉ. ऋचा सूद, श्री नीरज त्यागी और श्री बागी शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन गजलकार श्री अनिमेष शर्मा और नृत्यांगना श्रीमती आभा बंसल ने किया। दोनों ने कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा।

अंत में संयोजक सुशील कुमार, तरुण गोयल एवं डॉ. आर. तारा गुप्ता ने सभी अतिथियों, कलाकारों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।

आयोजन ने यह संदेश दिया कि संगीत केवल कला नहीं बल्कि संस्कृति, भावनाओं और समाज को जोड़ने वाला सशक्त माध्यम है। शास्त्रीय संगीत की इस सुरमयी शाम ने लोगों को भारतीय कला और परंपरा से जुड़ने की प्रेरणा दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button