Homeक्राइममहाराष्ट्र

केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा, मंगेतर ने शादी के नाम पर लिए थे 1 करोड़ रुपये

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में चर्चित बिल्डर केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मामले में नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में अब दावा किया गया है कि हत्या की आरोपी केतन की मंगेतर सिया गोयल ने वारदात से पहले उससे करीब 1 करोड़ रुपये लिए थे।

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह रकम शादी की तैयारियों और शॉपिंग के नाम पर ली गई थी। आरोप है कि सिया ने यह पैसा अपने कथित प्रेमी चेतन को दिया था। पुलिस अब इस आर्थिक लेन-देन को भी हत्याकांड की साजिश से जोड़कर जांच कर रही है।

गौरतलब है कि 18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया के साथ पुणे के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गया था। इसी दौरान केतन की संदिग्ध परिस्थितियों में खाई में गिरकर मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे हादसा माना गया था, क्योंकि सिया ने केतन के परिवार को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया।

हालांकि, पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। पुलिस का आरोप है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची और दोनों ने उसे खाई में धक्का दे दिया।

जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब पुलिस आर्थिक लेन-देन, हत्या की योजना और वारदात से पहले की गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला केवल हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे की पूरी साजिश और मकसद को उजागर करना जांच का मुख्य उद्देश्य है। आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button