
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में सोमवार को हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। लगातार बनी हुई गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
नोएडा के सेक्टर-63 समेत आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। तेज बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात धीमा हो गया और वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।
मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत महसूस की, हालांकि जलभराव और ट्रैफिक जाम ने दैनिक आवागमन को प्रभावित किया। प्रशासन की ओर से जल निकासी व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।



