Homeखेलप्रशासनसामाजिक

पूर्व सैनिकों की समस्याओं को लेकर जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक, सैनिक भवन संबंधी मांगों का ज्ञापन दिया

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक डीएम सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं विभिन्न प्रशासनिक विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस के पंजीकरण एवं नवीनीकरण, उनकी संपत्तियों पर अवैध कब्जों, साइबर फ्रॉड एवं अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, गाजियाबाद के अध्यक्ष वेटरन एडवोकेट बी.सी. बंसल एवं महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा ने अपनी टीम के साथ जिलाधिकारी महोदय को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिला सैनिक भवन की ऊपरी मंजिल पर संचालित निर्वाचन कार्यालय द्वारा किए गए कब्जे को हटाने, सैनिक बंधु समिति का विधिवत गठन कर उसकी बैठकों की तिथि एवं समय निर्धारित करने तथा सैनिक सभागार में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के बैठने हेतु पर्याप्त फर्नीचर, साउंड सिस्टम, ए.सी. एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

बैठक में चौधरी महिपाल सिंह, के.पी. सिंह, लव कुश, अशोक कुमार, कपिल कुमार, पी.के. त्यागी, चंद्रवीर सिंह, सुभाष चंद्र मलिक, आर.पी. बंसल, श्रीमती अंजू रानी, राज फोगाट सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button