Homeगाजियाबादमनोरंजनसामाजिकसांस्कृतिक

गुरु पूर्णिमा पर गांधर्व संगीत महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, प्रेमचंद के नाटक ‘कायर’ का प्रभावशाली मंचन

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नेहरू नगर स्थित गांधर्व संगीत महाविद्यालय (पंजी.) में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। विद्यालय के सचिव तरुण गोयल ने बताया कि इस अवसर पर गायन, कथक एवं भरतनाट्यम के विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, गांधर्व नाट्य विभाग डॉ. विमला गुप्ता नाट्य मंच के कलाकारों ने निर्देशक संदीप सिंघवाल के निर्देशन में साहित्य सम्राट मुंशी प्रेमचंद की स्मृति में उनकी चर्चित कहानी ‘कायर’ का प्रभावशाली मंचन कर सामाजिक संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने गुरु महिमा एवं भक्ति पर आधारित सामूहिक एवं एकल गायन प्रस्तुत किए। कथक एवं भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुतियों ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की गरिमा को जीवंत कर दिया। सभी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
नाटक ‘कायर’ के माध्यम से युवा पीढ़ी को प्रेम, आकर्षण, सामाजिक भेदभाव तथा जीवन के वास्तविक उद्देश्य का संदेश दिया गया। नाटक में प्रेमा और केशव की कहानी के जरिए दिखाया गया कि क्षणिक आकर्षण किस प्रकार जीवन को भटका सकता है। साथ ही जाति-भेद जैसी सामाजिक कुरीतियों पर भी तीखा प्रहार किया गया। नाटक का मुख्य संदेश था कि “प्रेम जीवन को समाप्त करने के लिए नहीं, बल्कि जीने की प्रेरणा देने के लिए होता है। जिस प्रेम में भटकाव है, वह प्रेम नहीं, केवल आकर्षण है।”

नाटक में संदीप सिंघवाल (पंडित जी), प्रदीप कश्यप (केशव), अरुणिमा श्रीवास्तव (प्रेमा), नरेश (सुशील), एम.एल. अरोड़ा (पिताजी), रचना (माताजी), विपिन कसाना (पंडित जी का मित्र), नितिन, पंकज, पारुल गुप्ता (मित्रगण) तथा गोविंद (नौकर) ने प्रभावशाली अभिनय किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भरतनाट्यम शिक्षिका सुजाता गोविंद, गायन शिक्षक नितिन नेहरा तथा कथक शिक्षिका कंचन दत्त का विशेष योगदान रहा। गायन प्रस्तुतियों में तबले पर स्वयं तरुण गोयल ने संगत की।
इस अवसर पर विद्यालय की संस्थापिका, निदेशक एवं अध्यक्ष डॉ. तारा गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सुशील कुमार ने किया। अंत में सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को प्रसाद वितरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button