Homeअध्यात्मराजनीतिसामाजिक

भाजपा समरसता संकल्प अभियान: संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गाजियाबाद महानगर में काशी स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली से पवित्र रज से सुशोभित कलश लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ नेहरू नगर स्थित भाजपा महानगर कार्यालय से हुआ और पटेल नगर स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

कलश यात्रा के दौरान नेहरू नगर, बस स्टैंड, लोहिया नगर सहित विभिन्न स्थानों पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

कलश यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि संत रविदास का संपूर्ण जीवन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” के मूल संदेश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज को समरसता, समानता और शुद्ध अंतःकरण का संदेश दिया। यदि मन पवित्र हो तथा उसमें किसी के प्रति छल, कपट या द्वेष न हो, तो वही मन भगवान का वास्तविक मंदिर बन जाता है और ईश्वर की अनुभूति हर स्थान पर की जा सकती है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भाजपा पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समानता, कर्म की श्रेष्ठता और आंतरिक शुद्धता का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने जातिगत भेदभाव का विरोध करते हुए समतामूलक समाज की स्थापना का संदेश दिया और बताया कि सभी मनुष्य जन्म से समान हैं तथा उनकी महानता उनके कर्मों से निर्धारित होती है।

सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि संत रविदास ने मानवता और सामाजिक समरसता को सर्वोच्च स्थान दिया। उन्होंने जाति व्यवस्था का विरोध करते हुए समाज को यह संदेश दिया कि कोई भी व्यक्ति जन्म से ऊंचा या नीचा नहीं होता, बल्कि उसके कर्म ही उसकी पहचान बनाते हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास का जीवन कर्मप्रधानता, श्रम की गरिमा और ईमानदार आजीविका का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास स्वयं जूते बनाने का कार्य करते थे और मानते थे कि परिश्रम एवं नेक कमाई से अर्जित धन ही सार्थक होता है। उनका जीवन प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए सत्कर्म करने की प्रेरणा देता है।

मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संत रविदास के आदर्शों को अपनाकर सामाजिक समरसता को मजबूत किया जाए तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों और भेदभाव को समाप्त करने का संकल्प लिया जाए।

कार्यक्रम में अभियान के संयोजक राजन आर्य वाल्मीकि, महानगर महामंत्री गौरव चोपड़ा, प्रदीप चौहान, पंकज भारद्वाज, पूर्व महानगर अध्यक्ष विजय मोहन, राजा वर्मा, उषा चौधरी, प्रीति चंद्र राय, महेंद्र यादव, अमित रंजन तथा महानगर मीडिया प्रभारी नीरज शर्मा सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button