Homeगाजियाबादप्रशासन

जिला सैनिक बन्धु बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार, 24 सितंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बन्धु बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नगर), गाजियाबाद ने की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ करीब 40 पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आई.एन.) राम प्रवेश सिंह ने सभी अधिकारियों, पदाधिकारियों, वीरांगनाओं, पूर्व सैनिकों और आश्रितों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए की।

पूर्व अग्निवीरों के लिए भर्ती में आरक्षण की जानकारी

बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने पूर्व अग्निवीरों के समायोजन से संबंधित जानकारी साझा की। बताया गया कि उत्तर प्रदेश शासन के नए आदेश के तहत सिपाही की सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत पदों पर आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट भी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा में छूट दिए जाने के संबंध में भी सैनिक कल्याण निदेशालय की ओर से पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजा जा चुका है।

पुराने मामलों की भी हुई समीक्षा

बैठक में पिछली सैनिक बन्धु बैठकों में प्राप्त शिकायतों और प्रार्थना-पत्रों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सार्जेंट प्रवीण कुमार के खसरा संख्या 562 से संबंधित मामले में बताया गया कि पैमाइश के बाद जमीन पूरी पाई गई है। वहीं खसरा संख्या 560 में फसल खड़ी होने के कारण फसल कटने के बाद दोबारा पैमाइश कराने की बात कही गई।

पूर्व सैनिक श्रीमती राजेंद्र फौगाट के मामले में नगर पालिका परिषद मुरादनगर के अधिशासी अधिकारी की ओर से जानकारी दी गई कि संबंधित रास्ता सार्वजनिक है। रास्ते पर बनाई गई दीवार को अतिक्रमण की श्रेणी में पाए जाने के बाद उसे हटाकर रास्ता खोल दिया गया है।

पूर्व सैनिक महीपाल सिंह के 200 गज के प्लॉट से संबंधित मामले में समिति के सचिव को आगामी बैठक में उपस्थित होने के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।

गन लाइसेंस नवीनीकरण की भी हुई समीक्षा

बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों के गन लाइसेंस नवीनीकरण से संबंधित मामलों की भी जानकारी ली गई। बताया गया कि अब तक केवल चार मामलों में पुलिस सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त हुई है।

बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आई.एन.) राम प्रवेश सिंह ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और पूर्व सैनिकों एवं आश्रितों का आभार व्यक्त किया।

बैठक में एडम कमान्डेंट, स्टेशन हेडक्वार्टर बाबूगढ़ कैंट हापुड़, पुलिस विभाग से एसीपी भास्कर वर्मा, एलडीएम सहित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के पवन कुमार, वरिष्ठ सहायक, रीतू सिंह, कनिष्ठ सहायक, निपुण पायला, कनिष्ठ सहायक तथा राकेश और पवन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button