
देहरादून,(आनन्द धारा)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व सरकार्यवाह माननीय सुरेश “भैय्याजी” जोशी ने बुधवार को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज के निजी आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की तथा उनके 75वें जन्मोत्सव के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भैय्याजी जोशी ने श्री सतपाल महाराज के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा की कामना करते हुए कहा कि महाराज जी का जीवन आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक उत्थान और राष्ट्रहित के कार्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने समाज एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना भी की।
भेंटवार्ता के दौरान दोनों वरिष्ठ व्यक्तित्वों के बीच उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, धार्मिक पर्यटन के विस्तार तथा सामाजिक सद्भाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न आयामों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज ने भैय्याजी जोशी के आगमन पर उनका स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव प्रेरणास्रोत रहा है।
इस अवसर पर श्री सतपाल महाराज के ज्येष्ठ पुत्र श्रद्धेय सुयश जी महाराज भी उपस्थित रहे।



