
जिलाधिकारी एवं जिला रेड क्रॉस अध्यक्ष रविंद्र मांदड़ (IAS), सीएमओ एवं जिला रेड क्रॉस उपाध्यक्ष सचिन चंद्र वैश्य, प्रदेश महासचिव रामानंद कटियार, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण सिंह एवं सभापति सुभाष गुप्ता के प्रति जताया आभार
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जनपद शाखा गाजियाबाद की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति की बैठक एवं शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को प्रातः 11 बजे द फ्लेयर, दुबई मॉल, आरडीसी, गाजियाबाद में आयोजित किया गया। समारोह में प्रबंध समिति के पदाधिकारियों का चयन किया गया तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली। इस अवसर पर रोटेरियन अश्वनी शर्मा को संस्था का कोषाध्यक्ष चुना गया।
कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपे जाने पर अश्वनी शर्मा ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति श्री सुभाष गुप्ता, प्रदेश महासचिव श्री रामानंद कटियार, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अरुण सिंह, जिलाधिकारी एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद के अध्यक्ष श्री रविंद्र मांदड़ (IAS) तथा सीएमओ गाजियाबाद एवं रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद के उपाध्यक्ष श्री सचिन चंद्र वैश्य के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जैसी प्रतिष्ठित संस्था में कोषाध्यक्ष का दायित्व मिलना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अधिकारियों द्वारा उन पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा “अंत्योदय से राष्ट्रोदय” की है, जिसका मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहायता पहुँचाना है। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी भी मानवता, सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के इसी मार्ग पर कार्य करती है। विचारधारा एवं सेवा के उद्देश्यों में समानता होने के कारण इस प्रतिष्ठित संस्था में कोषाध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करना उनके लिए अत्यंत प्रसन्नता एवं गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग से वे जनसेवा के कार्यों में सार्थक योगदान दे सकेंगे।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उनका प्रयास होगा कि रक्तदान शिविरों, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों, आपदा राहत तथा जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराने जैसी जनसेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक संस्था की सफलता सामूहिक सहयोग, पारदर्शी कार्यप्रणाली और सेवा भावना पर निर्भर करती है। सभी पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं प्रबंध समिति के सदस्यों के सहयोग से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद की गतिविधियों को नई गति देने तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
अखंड भारत मिशन के माध्यम से राष्ट्र एवं समाज सेवा में सक्रिय
ज्ञात हो कि अश्वनी शर्मा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। वे अखंड भारत मिशन के संस्थापक हैं और संगठन के माध्यम से आठ राज्यों में अपनी कार्यकारिणी का संचालन कर रहे हैं। संगठन के जरिए वे बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारियों को जोड़कर सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को गति दे रहे हैं। उनका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता और विकास के अवसर पहुँचाना है। इसी संकल्प के साथ वे “अंत्योदय से राष्ट्रोदय” के स्वप्न को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।

हाल ही में उनके नेतृत्व में आयोजित “रन फॉर अखंड भारत” में 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रभावना, सामाजिक एकता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। अश्वनी शर्मा राष्ट्रहित एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सामाजिक सेवा, जनजागरण और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में अपना योगदान दे रहे हैं।
अंत में अश्वनी शर्मा ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अधिकारियों के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की गरिमा एवं सेवा परंपरा को बनाए रखते हुए मानवीय सहायता के कार्यों में सक्रिय योगदान देंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुँचाने के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।



