
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। पावन पर्व महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नवयुग मार्केट वाल्मीकि पार्क में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी एव समाजवादी पार्टी से प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने अपनी टीम एवं सहयोगियों के साथ पार्क पहुंचकर आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर पूर्ण श्रद्धा एवं विधि-विधान से माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया।
माल्यार्पण के पश्चात आयोजित समारोह में मंच संचालकों व आयोजकों द्वारा अभिषेक गर्ग को मंच पर आमंत्रित किया गया। मंच पर पहुंचकर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

अपने वक्तव्य में अभिषेक गर्ग ने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि जी के विचार, उनकी शिक्षाएं और रामायण महाकाव्य के माध्यम से दिया गया संदेश आज भी संपूर्ण मानव जाति के लिए मार्गदर्शक है। हमें उनके बताए सत्य, प्रेम, समानता और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम में उपस्थित सहयोगियों और स्थानीय नागरिकों ने भी महर्षि वाल्मीकि जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए और जयंती पर्व को बड़े ही उत्साह व धूमधाम के साथ मनाया।



